मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सुरक्षा पर सवाल
शहडोल। जिले में प्रस्तावित मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले एफसीआई क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं सामने आ रही हैं। एफसीआई स्थित सरकारी शराब दुकान के आसपास असामाजिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों ने प्रशासन और पुलिस की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों की माने तो शराब दुकान के आसपास रोजाना हंगामा, धमकी और अवैध गतिविधियां देखी जा रही हैं, जिसका घटना क्रम सीसीटीवी फुटेज कैमरे में कैद है । क्षेत्र में कथित रूप से सक्रिय गिरोह के चलते आम नागरिकों में भय का माहौल है।
कथित शोहेल गिरोह पर गंभीर आरोप
सूत्रों की माने तो शोहेल, रतीराम का नाम और वासु इंजेक्शन के कथित अवैध कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है। वहीं दुकानदार के गुर्गों पर देर रात शराब की अवैध बिक्री में शामिल होने के आरोप हैं। इसके अलावा पप्पू और मोनू भी दुकान के आसपास संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त बताए जा रहे हैं।
ग्राहक से शराब और नकदी लूटने की कोशिश
शनिवार देर रात में शराब दुकान से खरीदारी कर लौट रहे एक ग्राहक से कथित तौर पर शराब और पैसे लूटने का प्रयास किया गया। हालांकि पीड़ित किसी तरह बचकर निकल गया लेकिन घटना ने क्षेत्र में दहशत फैला दी।
अनहोनी की आशंका, नागरिकों ने जताई चिंता
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने किसी भी अप्रिय घटना की आशंका जताई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है।
पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब दुकान के आसपास पुलिस की गश्त बेहद कमजोर है। खुलेआम हो रही घटनाओं के बावजूद सख्त कार्रवाई न होना पुलिस कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग
नागरिकों ने मांग की है कि मुख्यमंत्री कार्यक्रम से पहले क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर जांच किया जाए, जिससे शराब दुकान की गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जाए और कथित आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कठोर कार्रवाई की जाए।






